गाजीपुर
जन्मदिन पर सेवा की मिसाल, सैकड़ों बच्चों को मिलीं निःशुल्क पुस्तकें
श्रीधरा के जन्मदिन को शिक्षा और समाजसेवा से जोड़ा गया, पुस्तकें पाकर बच्चों के चेहरे खिले
कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने दी शुभकामनाएं, सेवा कार्य को बताया प्रेरणादायक पहल
खानपुर (गाजीपुर)। दीक्षा इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंध निदेशक आशुतोष सिंह की बेटी श्रीधरा का जन्मदिन इस बार शिक्षा और समाजसेवा को समर्पित रहा। सोमवार को विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों बच्चों को निःशुल्क पुस्तकें वितरित की गईं। शैक्षणिक सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
बच्चों को बांटी गईं निःशुल्क पुस्तकें
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को उनकी पढ़ाई से संबंधित पुस्तकें उपलब्ध कराई गईं। बच्चों ने उत्साह के साथ पुस्तकें ग्रहण कीं। आयोजकों का उद्देश्य जन्मदिन जैसे व्यक्तिगत अवसर को जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग के रूप में मनाना रहा।
कैबिनेट मंत्री ने श्रीधरा को दिया आशीर्वाद
कार्यक्रम में देर रात पहुंचे प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने श्रीधरा को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा से जोड़ना समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। जन्मदिन के अवसर को जरूरतमंद बच्चों की मदद और समाजसेवा से जोड़ना प्रेरणादायक पहल है।
मंत्री ने कहा कि इस तरह के प्रयास बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ समाज में सकारात्मक संदेश भी देते हैं।
शिक्षा सामग्री वितरण को बताया सराहनीय
भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि जरूरतमंद विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराना समाज के प्रति जिम्मेदारी का परिचायक है। जन्मदिन को सेवा कार्य से जोड़कर बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने का प्रयास सराहनीय है।
गणमान्य लोगों ने दी जन्मदिन की शुभकामनाएं
कार्यक्रम में पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह, आशुतोष सिंह, गंगासागर, मनोज अनिकेत, अवधेश, सूरज, रमाशंकर सिंह हिरन सहित विद्यालय परिवार के सदस्य, अभिभावक और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने श्रीधरा को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
