गाजीपुर
सूखा, बिजली और सिंचाई पर सरकार को घेरा, चक्काबांध पम्प कैनाल का किया निरीक्षण
जमानिया विधायक ओमप्रकाश सिंह बोले- किसानों को तत्काल राहत पैकेज और लंबित सिंचाई योजनाओं की मंजूरी दे सरकार
बिजली संकट, ट्यूबवेल योजनाओं में देरी और मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के मुद्दे पर भी उठाए सवाल
जमानिया। जमानिया विधायक ओमप्रकाश सिंह ने सोमवार को चक्काबांध पम्प कैनाल का निरीक्षण कर क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में सूखे की स्थिति, बिजली संकट और किसानों की समस्याओं को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सामान्य से कम बारिश के कारण किसान गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं और सरकार को तत्काल राहत पैकेज के साथ दीर्घकालिक सिंचाई योजना लागू करनी चाहिए।

विधायक ने आरोप लगाया कि बजट पारित होने के पांच महीने बाद भी लघु सिंचाई विभाग की डीप बोरिंग, मीडियम बोरिंग और छोटी बोरिंग योजनाओं के लक्ष्य जारी नहीं किए गए हैं। यदि समय पर ट्यूबवेल स्वीकृत होते तो गाजीपुर के सैकड़ों किसानों को सिंचाई की सुविधा मिल सकती थी।
उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को मुफ्त बिजली देने का दावा करती है, लेकिन पर्याप्त बिजली आपूर्ति और सिंचाई की व्यवस्था सुनिश्चित नहीं कर पा रही है। उन्होंने बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए मिर्जापुर और सोनभद्र में नई परियोजनाएं स्थापित करने की आवश्यकता भी बताई।

इस दौरान ओमप्रकाश सिंह ने मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के मुद्दे का भी जिक्र करते हुए कहा कि यदि किसी प्रकार की तकनीकी कमी है तो नियमानुसार कार्रवाई हो, लेकिन विश्वविद्यालय को ध्वस्त करना उचित नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से किसानों को तत्काल राहत देने, बिजली व्यवस्था सुधारने तथा लंबित सिंचाई योजनाओं को शीघ्र लागू करने की मांग की।
