गाजीपुर
भाजपा कार्यकर्ताओं ने बूथों पर सुना ‘मन की बात’, संगठनात्मक तैयारियों पर हुआ मंथन
गाजीपुर में जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय के नेतृत्व में बूथ समितियों की बैठकें आयोजित, गुरु रविदास जयंती और आगामी कार्यक्रमों पर बनी रणनीति
प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय समेत वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत करने और जनसंपर्क बढ़ाने का दिया संदेश
गाजीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें संस्करण को रविवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय के नेतृत्व में जिले के विभिन्न बूथों पर सामूहिक रूप से सुना। कार्यक्रम के बाद प्रत्येक बूथ पर बूथ समिति की बैठक आयोजित कर आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई।
प्रदेश उपाध्यक्ष ने जनभागीदारी पर दिया जोर
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने मुहम्मदाबाद विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 67 एवं 68 (फिरोजपुर) पर कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ सुनी और बूथ समिति की बैठक में भाग लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम समाज में सकारात्मक सोच, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
गुरु रविदास जयंती के आयोजन की बनी रूपरेखा
जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने मुहम्मदाबाद विधानसभा के रेवतीपुर बूथ पर आयोजित बैठक में कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती जिलेभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जाएगी। इसके लिए बूथ स्तर पर जनसंपर्क अभियान, सामाजिक समरसता के कार्यक्रम और संगठनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सभी कार्यक्रमों को अनुशासित एवं सक्रिय भागीदारी के साथ सफल बनाने की अपील की।
बूथ संगठन को मजबूत करने पर जोर
पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने जंगीपुर विधानसभा के बूथ संख्या 336 पर कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ सुनी। उन्होंने कार्यक्रम में कारगिल विजय दिवस, कश्मीर की पर्यावरण अनुकूल चटाई, कैच द रेन अभियान और ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे विषयों पर चर्चा करते हुए कहा कि बूथ संगठन भाजपा की सबसे मजबूत इकाई है और प्रत्येक कार्यकर्ता को सेवा, समर्पण तथा जनसंपर्क के माध्यम से सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाना चाहिए।
वहीं पूर्व जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने जखनिया विधानसभा के मनिहारी प्रथम मंडल के बूथ संख्या 419 (बरहट) पर बूथ समिति के साथ बैठक कर कार्यकर्ताओं के दायित्वों और आगामी चुनावी तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने बूथ समितियों की नियमित बैठकों और संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने पर बल दिया।
विभिन्न बूथों पर हुए आयोजन
जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा ने गाजीपुर सदर विधानसभा के बूथ संख्या 167 (सकरताली) पर बूथ समिति के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना। जिले के विभिन्न बूथों पर आयोजित बैठकों में संगठन विस्तार, जनसंपर्क और आगामी कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच विचार-विमर्श किया गया।
