गाजीपुर
संचारी रोगों की रोकथाम को गांव-गांव पहुंची स्वास्थ्य टीम
आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां घर-घर कर रहीं जागरूक, T3 मॉडल से होगी मरीजों की पहचान और उपचार
मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद के अंतर्गत विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय हो गई हैं। आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां गांव-गांव जाकर घर-घर लोगों को संचारी रोगों से बचाव, स्वच्छता और व्यक्तिगत साफ-सफाई के प्रति जागरूक कर रही हैं।
अभियान के दौरान स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा बुखार, दस्त एवं अन्य संक्रामक बीमारियों के लक्षण वाले मरीजों की पहचान कर उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही मरीजों का नियमित फॉलोअप भी किया जा रहा है।

ओआरएस और जिंक का किया जा रहा वितरण
दस्तक अभियान के तहत आशा कार्यकर्त्रियां परिवारों को शासन की स्वास्थ्य योजनाओं एवं संचालित कार्यक्रमों की जानकारी दे रही हैं। दस्त से प्रभावित बच्चों की पहचान कर उनका उपचार कराया जा रहा है। परिवारों को बीमारी के लक्षण और बचाव के उपायों की जानकारी देने के साथ ही ओआरएस एवं जिंक का वितरण किया जा रहा है। लोगों को ओआरएस घोल बनाने की सही विधि भी समझाई जा रही है।
अभियान से जुड़ी सभी जानकारियों की ऑनलाइन फीडिंग आशा एवं एएनएम द्वारा ई-कवच पोर्टल पर की जा रही है।
T3 मॉडल से होगी बीमारी पर प्रभावी रोकथाम
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद की टीम भी नियमित रूप से गांवों का भ्रमण कर लोगों को संचारी रोगों से बचाव और समय पर जांच व उपचार के लिए जागरूक कर रही है। केंद्र पर टायफाइड, मलेरिया, सीबीसी, डेंगू, बलगम जांच, सीबी-नाट (CBNAAT) और एक्स-रे जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. आशीष राय ने बताया कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए T3 मॉडल (Test, Treat and Track) को प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है। इसके तहत संदिग्ध मरीजों की तत्काल जांच, बीमारी की पुष्टि होने पर समय से उपचार और मरीजों की लगातार निगरानी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था से बीमारियों की समय पर पहचान हो सकेगी, संक्रमण फैलने से रोका जा सकेगा और मलेरिया, डेंगू, टीबी जैसी संचारी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकेगा। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य घर-घर पहुंचकर मरीजों की पहचान और उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराना है।
