गाजीपुर
शादी का झांसा देकर नाबालिग को भगाने का आरोपी गिरफ्तार
गहमर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर वांछित अभियुक्त को भदौरा बस स्टैंड से दबोचा
गाजीपुर। गहमर थाना पुलिस ने नाबालिग किशोरी को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
23 जून को दर्ज हुआ था मुकदमा
पुलिस के अनुसार, 23 जून 2026 को सायर गांव निवासी एक महिला ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री को प्रकाश चौधरी ने शादी का झांसा देकर संदीप चौधरी और सलमान आलम की मदद से भगा लिया। तहरीर के आधार पर थाना गहमर में मु0अ0सं0 113/2026 के तहत धारा 137(2) एवं 87 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।
भदौरा बस स्टैंड से हुई गिरफ्तारी
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत चौकी प्रभारी देवल उपनिरीक्षक शिवपूजन, कांस्टेबल जुगुनू सोनकर एवं महिला कांस्टेबल आकांक्षा ने मुखबिर की सूचना पर वांछित अभियुक्त प्रकाश चौधरी (18 वर्ष) पुत्र अखिलेश चौधरी, निवासी ग्राम बरेजी, थाना गहमर को भदौरा बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध दर्ज मुकदमे में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
