Connect with us

गाजीपुर

विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत, सीएमओ ने दिलाई शपथ

Published

on

Loading...
Loading...

गाजीपुर। संचारी और मच्छर जनित रोगों की रोकथाम के लिए विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत की गई। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुनील पांडेय ने सीएमओ कार्यालय परिसर से अभियान का शुभारंभ अधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को शपथ दिलाकर किया। इस अवसर पर जन जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, फाइलेरिया, कालाजार जैसे रोगों की रोकथाम के लिए प्रदेश सरकार निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में 31 जुलाई तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा, जबकि 11 जुलाई से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान भी चलेगा। उन्होंने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, पंचायती राज, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा समेत 11 विभागों की टीमें बनाई गई हैं। ये टीमें घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगी और रोगों की रोकथाम के उपाय बताएंगी।

सीएमओ ने बताया कि डेंगू का मच्छर दिन में काटता है, इससे बचने के लिए पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें, मच्छर रोधी क्रीम का उपयोग करें और सोते समय मच्छरदानी जरूर लगाएं। अभियान के दौरान एंटी लार्वा छिड़काव, फॉगिंग, स्वच्छता और साफ-सफाई के विशेष कार्यक्रम चलाए जाएंगे। जांच व उपचार के साथ आवश्यक दवाएं भी वितरित की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि यह अभियान मुख्यमंत्री का महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है। जन प्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं और आमजन के सहयोग से इन रोगों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकेगा। इस अवसर पर डिप्टी सीएमओ, एसीएमओ, चिकित्सा अधीक्षक, जिला मलेरिया अधिकारी, नगर पालिका व नगर पंचायत के अधिकारी, पंचायती राज विभाग, आईसीडीएस, बेसिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारी, सहायक मलेरिया अधिकारी, मलेरिया निरीक्षक और अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

Advertisement

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page