गाजीपुर
मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत पुलिस का जागरूकता अभियान तेज
बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त, एंटी रोमियो टीम ने की सघन चेकिंग
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से संचालित ‘मिशन शक्ति फेज-5.0’ अभियान के तहत मंगलवार को जनपद गाजीपुर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल ने पैदल गश्त कर आमजन, विशेषकर महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति जागरूक किया। पुलिसकर्मियों ने लोगों से महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस हेल्पलाइन का उपयोग करने की अपील की।
इसके साथ ही जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन की एंटी रोमियो टीम ने संवेदनशील स्थलों पर सघन भ्रमण एवं चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान संदिग्ध एवं मनचलों पर नजर रखी गई तथा शोहदों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की गई।
गाजीपुर पुलिस ने बताया कि महिला सुरक्षा को लेकर मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे, ताकि महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
