सियासत
ममता पर भारी पड़े शुभेंदु, जनादेश ने लिखा नया इतिहास
‘खेला होबे’ से ‘खेला खत्म’ तक, ममता को बड़ा झटका
कोलकाता। ममता बनर्जी को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में बड़ा झटका लगा है। भवानीपुर विधानसभा सीट से शुभेंदु अधिकारी ने उन्हें करीब 15 हजार से अधिक वोटों के अंतर से पराजित कर दिया। मतगणना के 20 राउंड पूरे होने के बाद शुभेंदु अधिकारी को 73,917 वोट मिले, जबकि ममता बनर्जी को 58,812 वोट प्राप्त हुए। बीजेपी ने बंगाल चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। रात 10 बजे तक पश्चिम बंगाल में बीजेपी 207, टीएमसी-80, कांग्रेस-2 सीटों पर जीत गई।
भवानीपुर सीट पर दिनभर कड़े मुकाबले के बाद अंततः परिणाम भाजपा के पक्ष में गया। शुरुआती राउंड में कभी ममता बनर्जी तो कभी शुभेंदु अधिकारी बढ़त बनाते रहे, लेकिन अंतिम चरण में शुभेंदु ने निर्णायक बढ़त हासिल कर जीत दर्ज की। इससे पहले नंदीग्राम सीट से भी शुभेंदु अधिकारी जीत हासिल कर चुके हैं।

मतगणना के दौरान कई स्थानों पर तनाव और झड़प की घटनाएं भी सामने आईं। भवानीपुर और हावड़ा समेत कुछ इलाकों में भाजपा (BJP) और तृणमूल (TMC) समर्थकों के बीच टकराव हुआ, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
चुनाव के दौरान दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान कराया गया था, जिसमें 90 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया। यह आंकड़ा राज्य के चुनावी इतिहास में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस बीच ममता बनर्जी ने चुनाव परिणामों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कई जगहों पर अनियमितताएं हुई हैं और भाजपा ने “सौ से ज्यादा सीटें लूटी हैं।” वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा की बढ़त पर खुशी जताते हुए इसे जनता के जनादेश की जीत बताया है।
