वाराणसी
भुल्लनपुर में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार थार ने बाइक को 100 मीटर तक घसीटा, महिला व बेटी की मौत
वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के भुल्लनपुर इलाके में रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक महिला और उसकी पांच वर्षीय बेटी की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक, भुल्लनपुर स्थित जीटी रोड पर रविवार रात करीब 11:30 बजे तेज रफ्तार थार ने पीछे से बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि बाइक सड़क पर गिर गई और थार उसे करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। हादसे में बाइक पर सवार सोनी राजभर (28) और उनकी पांच वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि देवर मनीष राजभर गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया गया कि बेनीपुर निवासी सोनी राजभर अपनी बेटी और देवर मनीष राजभर के साथ मढ़ौली क्षेत्र में रिश्तेदारी की रिंग सेरेमनी में शामिल होने गई थीं। समारोह समाप्त होने के बाद तीनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार थार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर मारने के बाद चालक ने वाहन रोकने के बजाय बाइक को कुछ दूरी तक घसीटता रहा। घटना के बाद चालक थार मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
सूचना पर पहुंची मंडुवाडीह पुलिस ने घायल मनीष राजभर को तत्काल पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।प्रमोद कुमार ने बताया कि हादसे में शामिल थार वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। फरार चालक की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। घटना के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।
