गाजीपुर
शीतला माई मंदिर जाने वाला लिंक मार्ग न बनने से ग्रामीणों में रोष
बारिश में मिट्टी बहने से आवागमन बाधित, मंदिर के साथ स्वास्थ्य केंद्र और विद्यालय जाने में भी हो रही परेशानी
बहरियाबाद (गाजीपुर)। आराजी कस्बा स्वाद में मातृ शिशु कल्याण केंद्र के पीछे से शीतला माई मंदिर की तरफ जाने वाले लिंक मार्ग का निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों में रोष है। करीब 60 मीटर लंबे इस मार्ग पर अब तक मिट्टी कार्य और खड़ंजा नहीं लगाए जाने के कारण बारिश के दिनों में आवागमन की समस्या गंभीर हो गई है। तेज बारिश में मार्ग की मिट्टी पूरी तरह बह जाने से लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों के अनुसार यह लिंक मार्ग दक्षिण से उत्तर दिशा की ओर खुल्फयेराशदीन मस्जिद तक जाता है। इसी मार्ग से मातृ शिशु कल्याण केंद्र, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, शीतला माई मंदिर, राजकीय पशु चिकित्सालय, ग्राम सचिवालय, पावर हाउस और इंटर कॉलेज जाने वाले लोगों का आवागमन होता है। छात्र-छात्राओं के साथ आसपास के ग्रामीण भी नियमित रूप से इस रास्ते का इस्तेमाल करते हैं।

शीतला माई मंदिर में पूजा-पाठ के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी बारिश के दौरान काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं क्षेत्र के करीब दर्जनभर गांवों से मरीज मातृ शिशु कल्याण केंद्र और आयुष्मान आरोग्य मंदिर पहुंचते हैं। मार्ग खराब होने से मरीजों और उनके परिजनों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि लिंक मार्ग के निर्माण के लिए कई बार वर्तमान ग्राम प्रधान को अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक कार्य शुरू नहीं हो सका है। ग्रामीणों के अनुसार आराजी कस्बा स्वाद के अधिकांश लिंक मार्गों पर खड़ंजा और इंटरलॉकिंग का कार्य हो चुका है, लेकिन इस मार्ग की उपेक्षा की जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि जनप्रतिनिधियों से भी कई बार मार्ग निर्माण की मांग की गई, लेकिन अभी तक इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। बारिश के मौसम में मंदिर और आसपास के सार्वजनिक संस्थानों तक पहुंचने में हो रही परेशानी को देखते हुए ग्रामीणों ने लिंक मार्ग का जल्द निर्माण कराने की मांग की है।
