गोरखपुर
साइबर ठगी के 7,800 रुपये पुलिस ने पीड़िता के खाते में वापस कराए
प्लास्टिक उत्पाद व्यापारी बनकर साइबर ठग ने भेजा था संदिग्ध लिंक, यूपीआई से निकाली थी रकम
गोरखपुर। ऑनलाइन धोखाधड़ी की शिकायत पर राजघाट पुलिस की साइबर सेल टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता के खाते से ठगी गई 7,800 रुपये की धनराशि वापस करा दी। पुलिस ने संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर लगातार प्रभावी पैरवी के बाद पूरी रकम पीड़िता के खाते में वापस कराई।
राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर मिली शिकायत
पुलिस के अनुसार साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक नगर और पुलिस अधीक्षक अपराध के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी कोतवाली के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष राजघाट गौरव वर्मा के नेतृत्व में साइबर सेल टीम ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायत पर कार्रवाई शुरू की।
प्लास्टिक उत्पाद व्यापारी बनकर किया संपर्क
पीड़िता के मुताबिक, 3 अक्टूबर 2025 को एक साइबर ठग ने प्लास्टिक उत्पाद व्यापारी बनकर उससे संपर्क किया था। बातचीत के दौरान ठग ने विश्वास में लेकर एक संदिग्ध लिंक भेजा। पीड़िता द्वारा लिंक पर कार्रवाई करते ही साइबर ठग ने यूपीआई के माध्यम से उसके खाते से धनराशि निकाल ली।
ठगी की जानकारी होने के बाद पीड़िता ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
बैंक से समन्वय कर वापस कराई रकम
शिकायत मिलने के बाद राजघाट पुलिस की साइबर सेल टीम ने संबंधित बैंक से संपर्क कर ठगी की रकम वापस कराने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस के लगातार प्रयास और प्रभावी पैरवी के बाद MRM पोर्टल के माध्यम से 7,800 रुपये की पूरी धनराशि पीड़िता के खाते में वापस करा दी गई।
अनजान लिंक पर क्लिक न करने की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति की ओर से भेजे गए लिंक पर क्लिक न करें और ऑनलाइन लेनदेन के दौरान विशेष सावधानी बरतें। बैंकिंग या यूपीआई से संबंधित संदिग्ध गतिविधि होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है।
कार्रवाई करने वाली टीम
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष गौरव वर्मा, उपनिरीक्षक एवं साइबर नोडल अधिकारी वैभव विश्वकर्मा, महिला उपनिरीक्षक निशी श्रीवास्तव और कांस्टेबल अरविंद कुमार शामिल रहे।
