वाराणसी
आपत्तिजनक एआई वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालने वाला आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। चेतगंज पुलिस ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक एवं भड़काऊ एआई जनरेटेड वीडियो अपलोड करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी ओमप्रकाश सिंह बेरिहा निवासी ग्राम नाथुपुर, पोस्ट भुल्लनपुर, थाना मंडुवाडीह को चौकाघाट फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने के मामले में चेतगंज थाने में राष्ट्रवादी हिंदू शक्ति वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 196(1) एवं 353(2) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला, चौकी प्रभारी संदीप कुमार सिंह सहित चेतगंज थाने की पुलिस टीम शामिल रही।
