भदोही
भदोही में 50 घरों का एकमात्र रास्ता बदहाल, सड़क निर्माण की मांग
वार्ड नंबर दो मामदेवपुर सरोज बस्ती में जलभराव और कीचड़ से बढ़ी परेशानी, एंबुलेंस पहुंचने में भी दिक्कत का आरोप
भदोही। नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर दो स्थित मामदेवपुर सरोज बस्ती की बदहाल सड़क को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। बस्ती में करीब 50 से 60 घर हैं और इन सभी परिवारों के आने-जाने के लिए यही एकमात्र मुख्य मार्ग बताया जा रहा है।
सामाजिक कार्यकर्ता राहुल सिंह ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर सड़क की बदहाली का मुद्दा उठाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री, नगर विकास मंत्री और जिलाधिकारी का ध्यान आकर्षित करते हुए सड़क का शीघ्र निर्माण कराने की मांग की है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कई वर्षों से इस सड़क का निर्माण नहीं कराया गया है। आरोप है कि सड़क निर्माण के लिए मिलने वाली सरकारी धनराशि का सही उपयोग नहीं हुआ। बारिश के दौरान सड़क पर जलभराव और कीचड़ की स्थिति बन जाती है, जिससे आवागमन बेहद कठिन हो जाता है।
निवासियों का कहना है कि हालात इतने खराब हो जाते हैं कि जरूरत पड़ने पर एंबुलेंस को भी बस्ती तक पहुंचने में परेशानी होती है। स्कूली बच्चों को प्रतिदिन इसी बदहाल रास्ते से गुजरना पड़ता है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में भी सड़क पर जलभराव और कीचड़ दिखाई देने का दावा किया गया है।
स्थानीय निवासियों ने जिलाधिकारी और शासन से मामले की जांच कराते हुए सड़क का जल्द निर्माण कराने की मांग की है, ताकि बस्ती के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सके।
