भदोही
मिशन शक्ति 5.0 के तहत भदोही पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक
गांवों, कस्बों, मोहल्लों और शिक्षण संस्थानों में चौपाल लगाकर बताए अधिकार, हेल्पलाइन नंबर और आत्मरक्षा के उपाय
भदोही। उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत भदोही पुलिस ने महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में जनपद के सभी थानों की पुलिस टीमों ने गांवों, कस्बों, मोहल्लों, शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।
अभियान के दौरान पुलिस ने ग्राम चौपाल लगाकर महिलाओं और बालिकाओं से संवाद किया तथा उनकी समस्याओं के त्वरित एवं विधिसम्मत निस्तारण के प्रति जागरूक किया। उन्हें आत्मरक्षा के उपाय, गुड टच और बैड टच की पहचान तथा महिला संबंधी अपराधों से बचाव के बारे में जानकारी दी गई।
पुलिस ने बताया कि बसों, रास्तों और सार्वजनिक स्थलों पर छेड़खानी या अन्य किसी उत्पीड़न की स्थिति में महिलाएं भयभीत न हों, बल्कि तत्काल वीमेन पावर लाइन 1090 पर शिकायत करें अथवा नजदीकी थाने में एफआईआर दर्ज कराएं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक उपयोग करने और साइबर अपराध से सतर्क रहने के संबंध में भी आवश्यक जानकारी दी गई।
जागरूकता कार्यक्रम में 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 102 और 108 एंबुलेंस सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 101 अग्निशमन सेवा तथा 1930 साइबर हेल्पलाइन की जानकारी दी गई। महिलाओं और बालिकाओं को यातायात नियमों के पालन के लिए भी प्रेरित किया गया।
“हर कदम पर सुरक्षा का अहसास, मिशन शक्ति है आपके पास” के संदेश के साथ पुलिस ने महिलाओं को सुरक्षित, जागरूक और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
