भदोही
कौलापुर में बाइक सवार तीन युवकों ने युवक का मोबाइल छीना, मुकदमा दर्ज
दूबे बाबा मंदिर के पास वारदात, बाइक नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
गोपीगंज, भदोही। गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के कौलापुर स्थित दूबे बाबा मंदिर के पास गुरुवार की शाम बाइक सवार तीन युवकों द्वारा एक युवक का मोबाइल फोन छीनकर फरार होने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धनापट्टी (घनश्यामपुर) निवासी अरुण गौतम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह कौलापुर स्थित अपने कार्यालय से घर जा रहा था। रास्ते में उसकी मां का फोन आने पर वह मोबाइल निकालकर बात करने लगा।
इसी दौरान पीछे से बाइक संख्या UP 66 AN 0872 पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि बाइक पर सबसे पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर अरुण का मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद तीनों युवक बाइक से मौके से फरार हो गए।
पीड़ित के अनुसार घटना 20 अगस्त की शाम करीब 7:20 बजे कौलापुर स्थित दूबे बाबा मंदिर के पास हुई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस बाइक नंबर और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।
