Connect with us

वाराणसी

प्रतिभा स्पंदन प्रतियोगिता में ‘रंगोदय झांकी इवेंट ग्रुप’ ने जीता प्रथम स्थान

Published

on

Loading...
Loading...

बनारस तिलक फाउंडेशन के आयोजन में कलाकारों ने बिखेरा प्रतिभा का रंग, विजेताओं का हुआ सम्मान

कलाकारों का उत्साहवर्धन करना ही संस्था का लक्ष्य : भानु प्रताप राय

वाराणसी। मीरापुर बसहीं स्थित सरस्वती शिशु मंदिर के प्रांगण में बनारस तिलक फाउंडेशन के बैनर तले आयोजित ओपन माइक ‘प्रतिभा स्पंदन’ प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में आजमगढ़ के ‘रंगोदय झांकी इवेंट ग्रुप’ ने शानदार प्रस्तुति देकर प्रथम स्थान हासिल किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना एवं सरस्वती वंदना से हुआ। सरस्वती वंदना की प्रस्तुति जय प्रकाश ने दी। इसके बाद रंगोदय झांकी इवेंट ग्रुप के महेश प्रजापति एवं सुषमा ने राधा-कृष्ण की मनमोहक नृत्य प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं मऊ से आई कलाकार अंशिका ने भगवान गणेश का आकर्षक रूप धारण कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रंगोदय झांकी इवेंट ग्रुप को प्रथम स्थान प्रदान किया गया। ग्रुप के संचालक महेश प्रजापति, सुषमा एवं अंशिका को प्रमाण-पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

Advertisement

कार्यक्रम में वाराणसी के प्रसिद्ध जादूगर मनीष कुमार ने भी अपने जादुई करतबों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। उनकी प्रस्तुति को दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि दीनानाथ पांडेय, समाजसेवी डम्पी तिवारी, विशिष्ट अतिथि डॉ. महेंद्र राय (प्रबंधक, अमृत मिलन हॉस्पिटल), अविनाश पांडेय, हेमलता पांडेय, अरविंद गुप्ता, अनुराधा कुमारी, सीता पटेल, रंजीता पाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। काव्य पाठ में राम नरेश पाल, नंदलाल राजभर एवं पंकज कुमार श्रीवास्तव ने भी अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं।

कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. लियाकत अली ‘जलज’ ने किया, जबकि अंत में सरस्वती शिशु मंदिर के प्रबंधक अजय राय ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि उभरते कलाकारों को मंच उपलब्ध कर उनका उत्साहवर्धन करना ही बनारस तिलक फाउंडेशन का मुख्य उद्देश्य है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page