गाजीपुर
पेंशनभोगी जल्द कराएं पैन-आधार लिंक
नहीं तो बढ़ सकती है टीडीएस कटौती
कोषागार ने जारी की सलाह, 1.05 लाख रुपये से अधिक मासिक पेंशन पाने वालों से नियमित आयकर कटौती सुनिश्चित करने को कहा
गाजीपुर। कोषागार, गाजीपुर ने जनपद के सभी पेंशनभोगियों से पैन कार्ड को आधार कार्ड से अनिवार्य रूप से लिंक कराने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि आयकर विभाग के नियमों के अनुसार पैन और आधार लिंक नहीं होने पर आयकर देयता की स्थिति में अधिक दर से टीडीएस (स्रोत पर कर कटौती) की जा सकती है।
जनसेवा केंद्र से भी करा सकते हैं लिंक
कोषागार ने बताया कि पेंशनभोगी आयकर विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर स्वयं अथवा किसी भी जनसेवा केंद्र (CSC) या टीआरपी सेंटर के माध्यम से अपना पैन और आधार लिंक करा सकते हैं।
नियमित आयकर कटौती सुनिश्चित करें
कोषागार ने आयकर अधिनियम, 1961 की धारा-192 का हवाला देते हुए बताया कि प्रतिमाह 1.05 लाख रुपये से अधिक पेंशन प्राप्त करने वाले पेंशनभोगियों को नियमानुसार अपनी पेंशन से देय आयकर की नियमित कटौती सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की वित्तीय या कर संबंधी समस्या न हो।
विभाग ने की समय पर अनुपालन की अपील
कोषागार ने सभी पात्र पेंशनभोगियों से आयकर विभाग के दिशा-निर्देशों का समय पर पालन करने और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने की अपील की है।
