बलिया
निर्भय प्रकाश बने पूर्वांचल उद्योग व्यापार मंडल के नगरा अध्यक्ष, जयप्रकाश को मिली जिला जिम्मेदारी
पांडे मैरिज हॉल में हुआ भव्य शपथ ग्रहण समारोह, प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप वर्मा ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ
व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का किया आह्वान
नगरा (बलिया)। पूर्वांचल उद्योग व्यापार मंडल की नगरा इकाई का भव्य शपथ ग्रहण समारोह स्थानीय पांडे मैरिज हॉल में संपन्न हुआ। समारोह में निर्भय प्रकाश को नगरा इकाई का अध्यक्ष बनाया गया, जबकि जयप्रकाश जायसवाल को जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि संगठन के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप वर्मा और विशिष्ट अतिथि जिलाध्यक्ष मंजय सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में जिलाध्यक्ष मंजय सिंह ने जयप्रकाश जायसवाल को जिला उपाध्यक्ष मनोनीत करने की घोषणा की। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप वर्मा ने नवनियुक्त नगरा अध्यक्ष निर्भय प्रकाश सहित सभी पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
नए पदाधिकारियों ने संभाली जिम्मेदारी
नगरा इकाई में अशोक गुप्ता, मोहम्मद शहाबुद्दीन, मोहम्मद कमरुद्दीन और रामायण ठाकुर ने उपाध्यक्ष पद की शपथ ली। वहीं बृजेश गुप्ता को संगठन महामंत्री बनाया गया।
इसके अलावा बृजमोहन गुप्ता, रितेश यादव, रंजय गौड़ और मोहम्मद फैयाज अहमद को मंत्री पद की जिम्मेदारी दी गई। मनु मद्धेशिया ने कोषाध्यक्ष तथा अश्वनी पांडेय ‘सोनू’ ने मीडिया प्रभारी के रूप में शपथ ग्रहण किया।
व्यापारियों की एकजुटता पर दिया जोर
मुख्य अतिथि प्रदीप वर्मा ने कहा कि व्यापारियों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संगठन को मजबूत बनाना जरूरी है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर चेयरमैन प्रतिनिधि उमाशंकर राम ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी मौजूद रहे।
