गाजीपुर
धारा 163 के बीच पीजी कॉलेज प्राचार्य ने शांति बनाए रखने की अपील
धरना-प्रदर्शन और उत्तेजक गतिविधियों से दूर रहने का आह्वान, समस्याएं प्रशासन के समक्ष शांतिपूर्ण ढंग से रखने की सलाह
गाजीपुर। जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लागू भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के मद्देनजर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर के प्राचार्य प्रो. डॉ. राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षकों से शांति एवं अनुशासन बनाए रखने की अपील की है।
प्राचार्य ने जारी अपील में कहा कि जिला प्रशासन द्वारा 31 अगस्त 2026 तक लागू निषेधाज्ञा के तहत पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने, जुलूस निकालने, धरना-प्रदर्शन करने, उत्तेजक नारेबाजी तथा अन्य प्रतिबंधित गतिविधियों पर रोक लगाई गई है। ऐसे में सभी नागरिक प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

उन्होंने महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं से आग्रह किया कि वे किसी भी प्रकार के धरना-प्रदर्शन, उत्तेजनात्मक नारेबाजी अथवा कानून-विरुद्ध गतिविधियों में शामिल न हों और न ही किसी अन्य को इसके लिए प्रेरित करें।
प्राचार्य डॉ. पाण्डेय ने कहा कि यदि किसी छात्र या नागरिक की कोई समस्या अथवा मांग है, तो उसे लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से संबंधित प्रशासनिक कार्यालय में ज्ञापन के माध्यम से प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने सभी से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और कानून-व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की।
