गाजीपुर
दुल्लहपुर में आजाद समाज पार्टी ने तेज किया सदस्यता अभियान
‘पांव-पांव चलो, गांव-गांव चलो’ अभियान के तहत ग्रामीणों से किया जनसंपर्क
युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों को पार्टी से जोड़ने पर जोर, सामाजिक न्याय की लड़ाई मजबूत करने का आह्वान
दुल्लहपुर (गाजीपुर)। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) की ओर से चलाए जा रहे ‘पांव-पांव चलो, गांव-गांव चलो’ अभियान के तहत शुक्रवार को दुल्लहपुर क्षेत्र में सदस्यता अभियान एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यकर्ताओं ने ‘जय भीम, जय मंडल, जय जोहार’ के उद्घोष के साथ गांव-गांव पहुंचकर लोगों से संपर्क किया और नए सदस्यों को पार्टी से जोड़ा।
गांव-गांव पहुंचकर बताईं पार्टी की नीतियां
सदस्यता अभियान में वाराणसी मंडल प्रभारी इंजीनियर विकास राव, जिला प्रभारी दिनेश बौद्ध और जिला उपाध्यक्ष भीम कुमार सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर पार्टी की नीतियों, राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के विचारों और बहुजन समाज से जुड़े मुद्दों की जानकारी दी।
नए सदस्यों ने लिया संगठन मजबूत करने का संकल्प
अभियान के दौरान युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य ग्रामीणों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। नए सदस्यों ने संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी के कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करने का संकल्प लिया।
सामाजिक न्याय की लड़ाई मजबूत करने पर जोर
पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन का उद्देश्य शोषित, वंचित और पिछड़े वर्गों को उनके संवैधानिक अधिकार दिलाने के साथ सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूत करना है। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक गांवों तक पहुंचकर लोगों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अंतिम व्यक्ति को अधिकार और सम्मान मिलने तक जनसंपर्क एवं सदस्यता अभियान जारी रहेगा।
