अपराध
ट्रिपल मर्डर का मुख्य आरोपी मुठभेड़ में ढेर, दो पुलिसकर्मी घायल
बुलंदशहर। खुर्जा क्षेत्र में 25 अप्रैल की रात जिम पर हुए चर्चित तिहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी जीतू सैनी को पुलिस ने गुरुवार सुबह मुठभेड़ में मार गिराया। सिकंदरपुर गांव के पास हुई इस कार्रवाई में उसे दो गोलियां लगीं। घायल हालत में पहले जटिया अस्पताल ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मुठभेड़ के दौरान स्वाट टीम प्रभारी मोहम्मद असलम और सिपाही मोहित मलिक भी गोली लगने से घायल हुए, जिनका इलाज जटिया अस्पताल में कराया जा रहा है। पुलिस अब जीतू सैनी के आपराधिक इतिहास की पड़ताल कर रही है।

घटना के अनुसार, 25 अप्रैल की रात सुभाष मार्ग स्थित एक जिम में जन्मदिन पार्टी के दौरान फायरिंग में तीन युवकों की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस पहले ही सक्रिय थी और आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी जिसमें 27 अप्रैल को आरोपी मयंक सैनी एनकाउंटर में गिरफ्तार हुआ था।
इसी कड़ी में बुधवार को भी पुलिस ने दो इनामी आरोपियों रिंकू सैनी उर्फ रिंकेश और भारत सैनी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार, जीटी रोड से गिरफ्तारी के बाद आरोपियों की निशानदेही पर मुंडाखेड़ा नहर के पास सीसीटीवी डीबीआर और हथियार बरामद करने ले जाया जा रहा था, तभी उन्होंने छिपाए गए हथियार निकालकर भागने की कोशिश की और फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रिंकू के दाहिने और भारत के बाएं पैर में गोली लगी। दोनों घायल होकर मौके पर गिर पड़े और पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से एक अवैध पिस्टल, एक तमंचा और कारतूस के साथ घटना से जुड़ी सीसीटीवी डीबीआर बरामद की गई। घायलों को उपचार के लिए जटिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सीओ खुर्जा शोभित कुमार ने बताया कि मामले में शामिल तीन आरोपी पहले भी जेल जा चुके हैं, जबकि अन्य वांछित अभियुक्तों की तलाश जारी है। पुलिस उप महानिरीक्षक मेरठ द्वारा इन दोनों आरोपियों पर इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार, इस प्रकरण में रवि सैनी, मनीष, अनुज, सौरभ उर्फ सिंटू और सोनू अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए दिल्ली एनसीआर समेत हरियाणा और अन्य संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इसके लिए पुलिस ने अलग-अलग टीमों का गठन किया है और संदिग्धों के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, जीतू सैनी के संपर्क में मेरठ और हरियाणा के जिम से जुड़े कुछ युवक भी थे, जिनकी भूमिका की जांच के लिए उन स्थानों पर भी छापेमारी की जा रही है।
