Connect with us

गोरखपुर

ज्वेलरी शॉप में ग्राहक बनकर पहुंची महिला, दो सोने की अंगूठियां लेकर फरार

Published

on

Loading...
Loading...

पल्सर सवार युवक के साथ आई थी महिला, जेवर दिखाने में उलझाया दुकानदार; पूरी वारदात CCTV में कैद

गोरखपुर। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में ज्वेलरी शॉप से दो सोने की अंगूठियां चोरी होने का मामला सामने आया है। पल्सर सवार युवक के साथ पहुंची महिला ने दुकानदार को लॉकेट और अंगूठियां दिखाने के बहाने उलझाया। इसी दौरान मौका पाकर उसने दो सोने की अंगूठियां अपने हाथ में पहन लीं और युवक के साथ बाइक से फरार हो गई। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

करीब 10 अंगूठियां दिखाने को कहा

मामला कटरा खिरवानिया चौराहे पर स्थित रामवचन ज्वेलर्स का है। दुकान संचालक बड़गो निवासी रामवचन के मुताबिक, 6 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 2:26 बजे एक महिला पल्सर सवार युवक के साथ दुकान पर पहुंची। महिला ने सोने का लॉकेट और अंगूठी खरीदने की बात कही। दुकानदार ने ग्राहक समझकर करीब 10 अंगूठियां निकालकर उसे दिखाईं।

मोटे हार के बहाने दुकानदार को उलझाया

अंगूठियां देखने के दौरान महिला ने एक लॉकेट पसंद आने की बात कही और दुकानदार से उसके लिए मोटी माला दिखाने को कहा। इसी बीच युवक ने दो अंगूठियां महिला के हाथ में पकड़ा दीं। आरोप है कि महिला ने मौका पाकर दोनों अंगूठियां अपने हाथ में पहन लीं।

गिनती करने पर सामने आई चोरी

दुकानदार का ध्यान दूसरी ज्वेलरी दिखाने में लगा रहा। इसी दौरान महिला युवक के साथ बातचीत करते हुए दुकान से बाहर निकल गई। कुछ देर बाद दुकानदार ने जब अंगूठियों की गिनती की तो दो अंगूठियां गायब मिलीं। इसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें महिला द्वारा दोनों अंगूठियां पहनते हुए घटना कैद मिली।

Advertisement

CCTV के आधार पर तलाश में जुटी पुलिस

पीड़ित दुकानदार ने आजाद नगर चौकी पर लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिला और उसके साथ आए युवक की पहचान और तलाश की जा रही है। फुटेज में दोनों दुकान से निकलकर बाइक से जाते हुए भी दिखाई दे रहे हैं।

एसपी सिटी ने कहा- दोनों को ट्रेस किया गया

एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में एक महिला और पुरुष के ग्राहक बनकर ज्वेलरी दुकान में आने और अंगूठी लेकर फरार होने की सूचना मिली थी। सूचना पर रामगढ़ताल पुलिस मौके पर पहुंची। सीसीटीवी फुटेज की मदद से दोनों को ट्रेस कर लिया गया है। वादी की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page