Connect with us

मिर्ज़ापुर

वायरल बुखार के मरीज बढ़े, CHC राजगढ़ में उमड़ी भीड़

Published

on

Loading...
Loading...

राजगढ़, मिर्ज़ापुर। क्षेत्र में इन दिनों वायरल बुखार, सर्दी-जुकाम, खांसी और सिरदर्द की शिकायत वाले मरीजों की संख्या बढ़ गई है। एक ही परिवार के चार से पांच लोग बीमार होकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) राजगढ़ पहुंच रहे हैं। इनमें वृद्ध, महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।

सीएचसी राजगढ़ में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज पहुंचने से चिकित्सकों के पास लंबी कतारें लग रही हैं। चिकित्सक मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श और उपचार दे रहे हैं। अस्पताल में ब्लड टेस्ट समेत जरूरत के अनुसार अन्य जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

चिकित्सकों के अनुसार लगातार बारिश के बाद मौसम में बदलाव और जगह-जगह जलभराव से मच्छरों का प्रकोप बढ़ा है। दूषित पानी और मच्छरों के कारण बुखार संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

चिकित्सकों ने मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी का प्रयोग करने, शरीर को ढकने वाले सूती कपड़े पहनने और आसपास साफ-सफाई रखने की सलाह दी है। पीने के पानी को उबालकर ठंडा करने के बाद इस्तेमाल करने तथा भोजन से पहले साबुन से हाथ धोने की भी अपील की गई है।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से कहा है कि तेज बुखार या अन्य लक्षण दिखाई देने पर स्वयं दवा लेने के बजाय चिकित्सक से जांच और उचित परामर्श लेकर उपचार कराएं।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page