मिर्ज़ापुर
सूरत से लौटते समय पुलिस कस्टडी से भागा आरोपी, एसआई समेत तीन पुलिसकर्मियों पर एफआईआर
मीरजापुर/पड़री। गुजरात के सूरत से किशोरी को बरामद कर ट्रेन से मीरजापुर लौट रही पुलिस टीम को उस समय बड़ा झटका लगा, जब आरोपी चकमा देकर पुलिस कस्टडी से फरार हो गया। आगरा के पास चलती ट्रेन से कूदकर आरोपी अंधेरे में भाग निकला। मामले में कस्टडी सुरक्षा में लापरवाही के आरोप में उपनिरीक्षक समेत तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एक माह पहले किशोरी को भगाने का आरोप
जानकारी के अनुसार, पड़री थाना क्षेत्र के एक गांव से करीब एक माह पहले युवक पर 16 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप लगा था। किशोरी के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस दोनों की तलाश में जुटी थी। विवेचना के दौरान उपनिरीक्षक विजय शंकर यादव के नेतृत्व में कांस्टेबल नीरज और महिला कांस्टेबल गीता की टीम को सूरत भेजा गया था।
पुलिस टीम ने किशोरी को बरामद कर लिया और आरोपी को कस्टडी में ले लिया। शनिवार को पुलिस टीम किशोरी और आरोपी को लेकर मधुबनी एक्सप्रेस से मीरजापुर के लिए रवाना हुई।
आगरा के पास चलती ट्रेन से कूदकर फरार
शनिवार देर रात ट्रेन आगरा के समीप पहुंची तो आरोपी पुलिसकर्मियों को चकमा देकर चलती ट्रेन से नीचे कूद गया और अंधेरे में गायब हो गया। घटना की जानकारी होते ही पुलिस टीम में हड़कंप मच गया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
कस्टडी में लापरवाही पर पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई
सीओ सदर जटाशंकर मिश्रा ने बताया कि पुलिस कस्टडी से आरोपी के भागने की घटना को गंभीरता से लिया गया है। मामले में मुख्य आरोपी के साथ कस्टडी सुरक्षा में लापरवाही बरतने के आरोप में उपनिरीक्षक विजय शंकर यादव, कांस्टेबल नीरज और महिला कांस्टेबल गीता के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
