भदोही
गुमटी तोड़ सामान उठा ले गए चोर
बिस्किट, नमकीन समेत दुकान का पूरा सामान चोरी, पुलिस ने किया मौका मुआयना
गोपीगंज। कोतवाली क्षेत्र के सोनखरी गांव में सोमवार की रात चोरों ने सड़क किनारे रखी गुमटी तोड़कर उसमें रखा सामान चोरी कर लिया। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह होने पर पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पीआरवी और गोपीगंज पुलिस ने मौका मुआयना किया।
सोनखरी गांव निवासी जय प्रकाश यादव घर से कुछ दूरी पर सड़क किनारे गुमटी रखकर बिस्किट, नमकीन, गुटका, पान मसाला आदि की दुकान चलाते हैं। सोमवार रात दुकान बंद करने के बाद वह घर चले गए। रात में चोरों ने गुमटी का ताला व अन्य हिस्सा तोड़कर उसमें रखा सामान उठा लिया।
सुबह जय प्रकाश यादव जब गुमटी पर पहुंचे तो सामान गायब मिला। इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी पीआरवी पुलिस और गोपीगंज पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास की जानकारी जुटाई।
पीड़ित के अनुसार, चोर गुमटी में रखा पूरा सामान ले गए हैं। घटना के बाद क्षेत्र के दुकानदारों में भी चोरी को लेकर चिंता है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
