वाराणसी
मिर्जामुराद से नाबालिग को भगाने वाला युवक प्रयागराज से गिरफ्तार
नैनी से आरोपी पकड़ा गया, 14 वर्षीय बालिका सकुशल बरामद
मिर्जामुराद (वाराणसी)। नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर भगाकर ले जाने के मामले में मिर्जामुराद पुलिस ने वांछित युवक को प्रयागराज के नैनी से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 14 वर्षीय बालिका को भी सकुशल बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त को बालिका की मां ने मिर्जामुराद थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि उनकी 14 वर्षीय बेटी सुबह स्कूल जा रही थी। इसी दौरान करछना थाना क्षेत्र के चन्दौली पोस्ट भुइडा निवासी प्रदीप कुमार पटेल उसे अपने साथ लेकर चला गया। पूछताछ में आरोपी ने बालिका को शादी के उद्देश्य से साथ ले जाने की बात कही थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने धारा 87/137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की।
मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी प्रयागराज के नैनी थाना क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद मिर्जामुराद पुलिस टीम प्रयागराज पहुंची। पीआरवी ने आरोपी को नैनी थाने लाकर मिर्जामुराद पुलिस के सुपुर्द किया, जहां उसे नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बालिका को भी सकुशल बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रदीप कुमार पटेल (21) पुत्र राम मनोहर पटेल, निवासी चन्दौली पोस्ट भुइडा, थाना करछना, प्रयागराज के रूप में हुई।
कार्रवाई करने वाली टीम में खजुरी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जगदम्बा सिंह, उपनिरीक्षक अतुल कुमार शुक्ल, उपनिरीक्षक अविनाश कुमार सिंह और महिला कांस्टेबल प्रतिभा बौद्ध शामिल रहीं।
