वाराणसी
पिंडरा में 10 हजार महिलाओं का तीज महोत्सव, सीएम योगी होंगे शामिल
वाराणसी। तीज पर्व के पूर्व पिंडरा विधानसभा क्षेत्र की कामकाजी महिलाओं के सम्मान में 9 सितंबर को बाबतपुर स्थित आशा एजुकेशनल ग्रुप परिसर में तीज महोत्सव आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने की जानकारी पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने प्रेसवार्ता में दी।
विधायक ने बताया कि महोत्सव में महिला स्वयं सहायता समूहों के साथ सफाई कर्मी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका, पंचायत सहायक, आशा, संगिनी, एएनएम, शिक्षामित्र, रसोइया और शौचालय केयरटेकर समेत विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में कार्यरत करीब 10 हजार महिलाएं शामिल होंगी।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान समाज के उत्थान और महिला जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। प्रेसवार्ता में जिला उपाध्यक्ष पवन सिंह भी मौजूद रहे।
