गाजीपुर
नंदगंज रेलवे स्टेशन शौचालय विहीन, यात्री बेहाल
महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी, खुले में जाने को मजबूर यात्री
नंदगंज (गाजीपुर)। नंदगंज रेलवे स्टेशन पर शौचालय की सुविधा नहीं होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्टेशन परिसर में करीब दो वर्षों से शौचालय की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इसके चलते महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को विशेष कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

यात्रियों के मुताबिक स्टेशन से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग विभिन्न स्थानों के लिए ट्रेन से यात्रा करते हैं। सुबह के समय तीन-चार पैसेंजर ट्रेनों का इंतजार करने वाले यात्रियों की संख्या भी काफी रहती है। ऐसे में शौचालय नहीं होने के कारण यात्रियों को खुले में जाने के लिए मजबूर होना पड़ता है। महिलाओं के लिए स्थिति अधिक असहज बनी हुई है।
बताया जाता है कि प्लेटफार्म नंबर एक के चौड़ीकरण के दौरान पिछले वर्ष पुराने शौचालय को तोड़कर हटा दिया गया था। इसके बाद नया शौचालय बनाए जाने की उम्मीद थी, लेकिन लंबे समय बाद भी निर्माण नहीं हो सका। इससे स्टेशन परिसर शौचालय विहीन बना हुआ है।
यात्रियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार रेलवे अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से जल्द शौचालय का निर्माण कराने की मांग की है।
सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो यात्रियों के साथ संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की जाएगी।
