गाजीपुर
नाबालिग से छेड़छाड़ के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार
नगसर हाल्ट पुलिस ने अवती मोड़ से पकड़ा, चाकू और मोबाइल फोन बरामद
गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नगसर हाल्ट पुलिस ने मंगलवार को पाक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में दर्ज मुकदमे में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक चाकू और मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक लालता प्रसाद यादव मय हमराह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में अभियान के तहत गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि थाना नगसर हाल्ट में दर्ज मुकदमा संख्या 27/2026 से संबंधित वांछित अभियुक्त अवती मोड़, ग्राम अवती के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पूर्णमासी रावत पुत्र स्व. नेबूलाल, उम्र 52 वर्ष, निवासी ग्राम नगसर नेवाजूराय, थाना नगसर हाल्ट, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना नगसर हाल्ट में मु0अ0सं0 27/2026 के तहत धारा 109(1), 74, 331(7) बीएनएस तथा 7/8 पाक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से एक अदद चाकू और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक लालता प्रसाद यादव मय हमराह पुलिसकर्मी शामिल रहे।
