गोरखपुर
सीएमओ के औचक निरीक्षण में तीन चिकित्सक समेत छह अनुपस्थित
पिपराइच सीएचसी में एक दिन में छह सी-सेक्शन प्रसव पर टीम की सराहना, सामान्य प्रसव को प्राथमिकता देने के निर्देश
गोरखपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डा. राजेश झा ने सिंहोरिया और पिपराइच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तथा पतरा अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (एपीएचसी) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सिंहोरिया सीएचसी और पतरा एपीएचसी पर तीन चिकित्सकों समेत छह कर्मचारी अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण तलब किया है।
पतरा एपीएचसी पर दो चिकित्सक और एलटी मिले अनुपस्थित
सीएमओ सबसे पहले भटहट सीएचसी क्षेत्र के पतरा एपीएचसी पहुंचे। यहां दो चिकित्सक और एक लैब टेक्नीशियन (एलटी) अनुपस्थित मिले। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए। भवन के निरीक्षण के दौरान मरम्मत संबंधी कार्यों के लिए भटहट सीएचसी के अधीक्षक और अवर अभियंता को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीएचसी अधीक्षक नियमित रूप से एपीएचसी और अन्य स्वास्थ्य इकाइयों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करें।
छह सी-सेक्शन प्रसव पर टीम की सराहना
इसके बाद सीएमओ पिपराइच सीएचसी पहुंचे। उन्होंने उपस्थिति पंजिका की जांच की, जिसमें सभी कर्मचारी उपस्थित मिले। निरीक्षण के दौरान जानकारी मिली कि सीएचसी में एक ही दिन में छह सी-सेक्शन प्रसव कराए गए हैं। इस पर उन्होंने अधीक्षक डा. मणि शेखर समेत पूरी टीम की सराहना की। हालांकि, उन्होंने सामान्य प्रसव को हमेशा पहली प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
मातृ सेवाओं को प्रभावी बनाने पर जोर
सीएमओ ने महिला चिकित्सा अधिकारियों से बातचीत कर मातृ सेवा कार्यक्रम को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के प्रभाव से जिले में मातृ मृत्यु को नियंत्रित करने में मदद मिली है। गर्भवती महिलाओं को बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना जरूरी है।
मरीजों को बाहर से दवा न खरीदनी पड़े
पिपराइच सीएचसी में सीएमओ ने मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी मरीज को दवा या अन्य आवश्यक सामग्री बाहर से खरीदने के लिए मजबूर न होना पड़े। अस्पताल में उपलब्ध जरूरी दवाएं और सामग्री मरीजों को यहीं से उपलब्ध कराई जाएं। भवन के कुछ हिस्सों में मरम्मत की जरूरत को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सिंहोरिया सीएचसी में एक चिकित्सक समेत तीन अनुपस्थित
अंत में सीएमओ सिंहोरिया सीएचसी पहुंचे। यहां एक चिकित्सक और दो कर्मचारी अनुपस्थित मिले। उन्होंने अधीक्षक डा. केशरी नंदन को कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। सीएमओ ने कहा कि चिकित्सक और कर्मचारी समय से अस्पताल पहुंचें और निर्धारित समय तक सेवाएं दें। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सीएचसी के वाशरूम और विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर साफ-सफाई व अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
