वाराणसी
जमीन विवाद में महिला के साथ मारपीट, जान से मारने की धमकी
वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र के भरलाई मोहल्ले में जमीन विवाद को लेकर 62 वर्षीय महिला शमीम बानो के साथ मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने तीन दिन पहले थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
शमीम बानो का कहना है कि जब वह अपने प्लाट पर बाउंड्री वॉल बनवा रही थीं तब पड़ोसी मुन्ने खान, उनके बेटे सोनू खान उर्फ अरमान और राजू खान ने लाठी-डंडों के साथ पहुंचकर निर्माण कार्य को रुकवा दिया। मजदूरों को धमकाते हुए आरोपियों ने कहा कि ईंटें उनके घर के पास रखी गईं तो गंभीर अंजाम भुगतने होंगे।
महिला का आरोप है कि उन्हें जमीन बेचकर वहां से चले जाने की धमकी भी दी गई। पीड़िता का कहना है कि आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं और जेल की सजा काट चुके हैं। घटना के बाद से वह डरी हुई हैं।
थाने में दी गई तहरीर के जरिए शमीम बानो ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
