Connect with us

गाजीपुर

जमानिया तहसील में स्टाम्प व टिकट की ओवररेटिंग का आरोप

Published

on

Loading...
Loading...

ग्रामीणों ने सरकारी दर से अधिक कीमत वसूलने की शिकायत, कार्रवाई की उठाई मांग

दो रुपये का टिकट पांच और दस रुपये का स्टाम्प 40 रुपये तक में बेचने का आरोप

जमानिया (गाजीपुर)। जमानिया तहसील परिसर में स्टाम्प वेंडरों और टिकट विक्रेताओं पर निर्धारित सरकारी मूल्य से अधिक कीमत वसूलने के आरोप लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शपथ पत्र, रजिस्ट्री और न्यायालय संबंधी कार्यों के लिए आवश्यक स्टाम्प व टिकट मनमाने दामों पर बेचे जा रहे हैं, जिससे दूर-दराज से आने वाले लोगों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सरकारी दर से कई गुना अधिक कीमत वसूलने का आरोप

क्षेत्र के अमरेन्द्र प्रताप, अशोक कुमार, भानू, प्रवीण कुमार समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि स्टाम्प वेंडरों ने अपनी मनमर्जी से दरें तय कर रखी हैं। उनका आरोप है कि दो रुपये का टिकट पांच रुपये, पांच रुपये का टिकट दस रुपये और दस रुपये का टिकट बीस रुपये में बेचा जा रहा है। वहीं, दस रुपये का स्टाम्प पेपर 20 से 40 रुपये तक में उपलब्ध कराया जा रहा है।

विरोध करने पर लौटाने का आरोप

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि अधिक कीमत देने से इनकार करने पर स्टाम्प या टिकट उपलब्ध न होने का बहाना बनाकर लोगों को लौटा दिया जाता है। ऐसे में जरूरी काम समय पर न होने के कारण लोगों को दोबारा तहसील आना पड़ता है और मजबूरी में अधिक कीमत चुकानी पड़ती है।

Advertisement

औचक जांच और कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि यह स्थिति लंबे समय से बनी हुई है, जबकि संबंधित अधिकारियों के कार्यालय भी तहसील परिसर में ही स्थित हैं। इसके बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। पीड़ितों ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर औचक निरीक्षण कराने, दोषी स्टाम्प वेंडरों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा उनके लाइसेंस निरस्त करने की मांग की है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page