Connect with us

गाजीपुर

आरएसएस के श्रम-साधना यज्ञ में स्वयंसेवकों ने किया श्रमदान

Published

on

Loading...
Loading...

बुढ़ेनाथ महादेव मंदिर परिसर की सफाई कर दिया स्वच्छता और सेवा का संदेश

प्रांत पर्यावरण संयोजक कृष्ण मोहन ने स्वच्छता को बताया स्वस्थ समाज की आधारशिला

सैदपुर (गाजीपुर)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सैदपुर नगर द्वारा शुक्रवार को बुढ़ेनाथ महादेव मंदिर परिसर में श्रम-साधना (सेवा) यज्ञ का आयोजन किया गया। इस दौरान दर्जनों स्वयंसेवकों ने श्रमदान कर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र की व्यापक साफ-सफाई की। स्वयंसेवकों ने झाड़ू लगाकर कूड़ा-कचरा एकत्रित किया और समाज को स्वच्छता एवं सेवा का प्रेरक संदेश दिया।

स्वच्छता को बताया सामाजिक जिम्मेदारी

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रांत पर्यावरण संयोजक कृष्ण मोहन ने कहा कि स्वच्छता भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ समाज की आधारशिला है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने घर, मोहल्ले, मंदिर और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता को अपना दायित्व मानकर नियमित श्रमदान करे तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन स्वतः दिखाई देगा। उन्होंने स्वयंसेवकों से सेवा, संस्कार और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया।

Advertisement

‘स्वच्छता ही सेवा’ का दिया संदेश

कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने “स्वच्छता ही सेवा” के संकल्प को साकार करते हुए श्रमदान किया। उन्होंने कहा कि श्रमदान केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रति उत्तरदायित्व, अनुशासन और सामूहिक चेतना का प्रतीक है। सेवा कार्य में स्थानीय नागरिकों ने भी रुचि दिखाई और स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना की।

जनसहभागिता बढ़ाने पर दिया जोर

संघ पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के सेवा कार्य समय-समय पर आयोजित किए जाते हैं, जिससे समाज में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता और जनसहभागिता की भावना को बल मिलता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने तथा सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय एवं वंदे मातरम् के उद्घोष के साथ हुआ।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page