गोरखपुर
छेड़छाड़ का विरोध करने पर घर में घुसकर भाई से मारपीट
चार नामजद समेत अज्ञात लोगों पर आरोप, पुलिस ने शांतिभंग में की कार्रवाई
गोला बाजार, गोरखपुर। गोला थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से कथित छेड़छाड़ का विरोध करने पर उसके परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि छेड़छाड़ का विरोध करने के बाद युवक अपने साथियों के साथ पीड़िता के घर पहुंचा और उसके भाई के साथ मारपीट करते हुए धमकी दी। पीड़िता के परिजन की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद आरोपितों समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पीड़िता की मां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी नाबालिग बेटी पास के इंटर कॉलेज में पढ़ने जाती है। आरोप है कि गांव में रिश्तेदारी में रह रहा इरशाद करीब 15 दिनों से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था और रास्ते में कथित रूप से छेड़छाड़ करता था। बेटी द्वारा जानकारी देने के बाद परिजनों ने मामले में उचित कार्रवाई की बात कही।
तहरीर के अनुसार, पीड़िता के भाई ने इरशाद को इस संबंध में समझाया। आरोप है कि रविवार सुबह करीब 11 बजे इरशाद, जुनैद पुत्र फत्ते, शहजाद पुत्र मामूल और नवशाद पुत्र अज्ञात समेत कुछ अन्य लोग घर में घुस आए। आरोपितों ने पीड़िता के भाई के साथ मारपीट की तथा गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने चारों आरोपितों को पकड़ लिया और उनके खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की। पीड़ित परिवार ने आरोपितों से खतरे की आशंका जताते हुए पुलिस से सुरक्षा और प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस के अनुसार, तहरीर के आधार पर बीएनएस की धाराओं 74, 78, 191(2), 115(2), 352, 351(3) और 333 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 7 और 8 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
