गाजीपुर
गहमर-पथरा मार्ग पर आमने-सामने भिड़ीं दो बाइक, युवक की मौत
दौड़ लगाने जा रहा था युवक, दो किशोर गंभीर घायल
सेवराई (गाजीपुर)। सेवराई तहसील क्षेत्र में गहमर-पथरा मार्ग पर गुरुवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में करहिया गांव निवासी अभिलाष सिंह उर्फ टीपू (22) की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए।
मठिया ग्राउंड जा रहा था युवक
मृतक अभिलाष सिंह उर्फ टीपू पुत्र हरेंद्र सिंह रोज की तरह अपनी बाइक से गहमर स्थित मठिया ग्राउंड में दौड़ लगाने जा रहे थे। गहमर के पंचमुखी हनुमान मंदिर से पहले उनकी बाइक की विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार टक्कर हो गई।
दो किशोर भी हुए घायल
दूसरी बाइक पर गहमर निवासी अमरजीत चौहान (16) और गोपाल यादव (16) सवार थे। दुर्घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सामाजिक कार्यकर्ता सुधीर सिंह गहमरी ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर सभी घायलों को भदौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
ट्रामा सेंटर ले जाते समय मौत
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने अभिलाष सिंह को वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें वाराणसी ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। वहीं दोनों किशोरों का उपचार चल रहा है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
गहमर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
