गाजीपुर
गड्ढों में तब्दील सड़क से राहगीर परेशान, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
हुरमुजपुर हाल्ट से मीरपुर मार्ग बदहाल, बारिश में जलभराव से बढ़ी मुश्किलें
ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी पर लगाया अनदेखी का आरोप, जल्द मरम्मत न होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी
जखनिया (गाजीपुर)। हुरमुजपुर हाल्ट से वृंदावन होते हुए मीरपुर को जोड़ने वाला करीब एक किलोमीटर लंबा संपर्क मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों और बारिश के कारण हुए जलभराव से राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बरसात के बाद सड़क की स्थिति और खराब हो गई है। पानी भर जाने के कारण गड्ढों का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। रात के समय इस मार्ग से गुजरने वाले बाइक सवार और पैदल राहगीर आए दिन हादसों का शिकार हो रहे हैं।
कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई मरम्मत
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति की जानकारी लोक निर्माण विभाग के जूनियर इंजीनियर रघुनंदन सिंह समेत कई अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं कराया गया।
क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि विभागीय उदासीनता के कारण महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार की ओर से सड़कों को गड्ढामुक्त करने के अभियान चलाए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति इसके विपरीत नजर आ रही है।
जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो होगा आंदोलन
ग्रामीणों ने बरसात को देखते हुए सड़क की तत्काल मरम्मत कराए जाने और गड्ढों को भरवाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो क्षेत्रवासी धरना-प्रदर्शन और अनशन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
