वाराणसी
कपसेठी में फिर क्षतिग्रस्त हुई बाबा साहब की प्रतिमा, ग्रामीणों में आक्रोश
15 दिन पहले भी हुई थी तोड़फोड़, पुलिस ने नई प्रतिमा स्थापित कराने की प्रक्रिया शुरू की
मुकदमा दर्ज, आरोपियों की तलाश में विशेष टीमें गठित; क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
वाराणसी। कपसेठी थाना क्षेत्र के कुरु (कोदई) गांव में पॉलिटेक्निक कॉलेज के समीप स्थापित भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को एक बार फिर अज्ञात शरारती तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही कपसेठी पुलिस मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना से अवगत कराया। इसके बाद एसीपी राजातालाब तथा एसडीएम राजातालाब ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया।
गौरतलब है कि इसी प्रतिमा को 25 जून को भी क्षतिग्रस्त किया गया था, जिसके संबंध में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। इसके बावजूद दोबारा हुई इस घटना से ग्रामीणों में नाराजगी और असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।
प्रशासन ने ग्राम प्रधान और ग्रामीणों के सहयोग से क्षतिग्रस्त प्रतिमा के स्थान पर नई प्रतिमा स्थापित कराने की प्रक्रिया शुरू करा दी है, ताकि क्षेत्र में सामान्य स्थिति बनी रहे।
पुलिस ने ग्रामीणों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों के अनुसार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों समेत अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है।
