मिर्ज़ापुर
कंबल वितरण कार्यक्रम में कई लाभार्थी लौटे खाली हाथ
मिर्जापुर। जनपद के मड़िहान तहसील में कंबल वितरण कार्यक्रम में अव्यवस्था के कारण कई लाभार्थियों को खाली हाथ लौटना पड़ा। सरकार द्वारा ठंड से बचाव के लिए गरीब और असहाय लोगों को कंबल वितरित करने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन तहसील में कार्यक्रम की व्यवस्था को लेकर लाभार्थियों में असंतोष देखा गया।
गुरुवार को कंबल लेने आए दूरदराज के गांवों के गरीब और असहाय लोगों ने शिकायत की कि उन्होंने कंबल वितरण की सूचना पर भारी परेशानी के बावजूद तहसील तक पहुंचने का इंतजाम किया। हालांकि, मौके पर पहुंचने पर उन्हें बताया गया कि कंबल वितरण बड़े पैमाने पर नहीं हो रहा है।
कई लोगों ने आरोप लगाया कि कुछ ग्राम प्रधान अपने गांव के लोगों को बैकडोर से कंबल दिलवा रहे हैं, जबकि अन्य लाभार्थियों से कहा गया कि उनके ग्राम प्रधान की उपस्थिति अनिवार्य है। अव्यवस्था और असमंजस के कारण कई महिलाओं और अन्य जरूरतमंदों को बिना कंबल लौटना पड़ा।
उन्होंने कहा कि यदि कंबल वितरित नहीं किए जाने थे, तो उन्हें तहसील बुलाकर क्यों परेशान किया गया। ठंड में लंबी दूरी तय कर आए लोगों को खाली हाथ लौटने पर मजबूर होना पड़ा।
कंबल वितरण में अव्यवस्था और गहमागहमी की स्थिति के बीच राजस्व विभाग के एक कर्मचारी ने स्पष्ट किया कि तहसील में आने वाले लाभार्थियों को इस बारे में सूचना नहीं थी कि वितरण कार्यक्रम तहसील परिसर में नहीं, बल्कि संतनगर थाना क्षेत्र के दीपनगर बाजार में कैंप लगाकर आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि उपजिलाधिकारी से अनुमति लेकर कुछ लाभार्थियों को तहसील में ही कंबल वितरित किए गए, जबकि अन्य को गांवों में कैंप लगाकर कंबल वितरित करने की योजना है।
