वाराणसी
आशापुर-सारनाथ मार्ग पर जर्जर गूलर का पेड़ गिरा, बाल-बाल बचे राहगीर
बिजली आपूर्ति रही बाधित, पुलिस व स्थानीय लोगों की तत्परता से टला बड़ा हादसा; जर्जर पेड़ों को हटाने की उठी मांग
सारनाथ (वाराणसी)। आशापुर-सारनाथ मार्ग पर विभागीय लापरवाही के बीच जर्जर पेड़ों के गिरने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार देर रात आशापुर चौराहे से कुछ दूरी पर एक अत्यंत पुराना और जर्जर गूलर का पेड़ अचानक भरभराकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई, हालांकि लोगों की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जिस समय पेड़ गिरा, उस समय उसके नीचे कई ठेला व्यवसायी अपना कारोबार कर रहे थे और सड़क पर लोगों की आवाजाही भी थी। पेड़ गिरते देख कुछ लोगों ने शोर मचाकर राहगीरों और वाहन चालकों को सतर्क किया, जिससे लोग समय रहते वहां से हट गए और जनहानि होने से बच गई।
बिजली के तार टूटे, कुछ देर बाधित रही आपूर्ति
पेड़ गिरने से बिजली के तार भी क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने एहतियातन यातायात को नियंत्रित कराया और बिजली आपूर्ति बंद कराई। बाद में बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और टूटे हुए तारों की मरम्मत कर आपूर्ति बहाल की। स्थानीय लोगों ने पुलिस के सहयोग से मार्ग पर यातायात भी सामान्य कराया।
जर्जर पेड़ों को हटाने की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि आशापुर-सारनाथ मार्ग पर कई पुराने और जर्जर पेड़ वर्षों से खड़े हैं, जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। लोगों ने संबंधित विभाग से ऐसे पेड़ों का सर्वे कर समय रहते उन्हें हटाने या सुरक्षित बनाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
