बलिया
आर.एस.एस. गुरुकुल के शिक्षक की माताजी के निधन पर शोक सभा आयोजित
दिवंगत आत्मा को दी श्रद्धांजलि, दो मिनट का मौन रखकर दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
सिकंदरपुर (बलिया)। क्षेत्र के कठघरा (बंशी बाजार) स्थित आर.एस.एस. गुरुकुल सीनियर सेकेंडरी एकेडमी में विद्यालय के शिक्षक अवनीत कुमार की पूज्य माताजी के निधन पर भावपूर्ण शोक सभा आयोजित की गई। इस दौरान विद्यालय परिवार ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
शोक सभा में विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर जय प्रताप सिंह, डायरेक्टर श्रीमती निशु सिंह, प्रधानाचार्य अजीत यादव, परीक्षा प्रभारी आलोक पांडेय सहित समस्त शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने शोक-संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इस कठिन समय में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
सभा को संबोधित करते हुए मैनेजिंग डायरेक्टर जय प्रताप सिंह भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि माँ का स्थान संसार में कोई नहीं ले सकता। उनका त्याग, स्नेह और आशीर्वाद जीवन की सबसे अमूल्य धरोहर होते हैं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
श्रद्धांजलि सभा शांत और भावुक वातावरण में संपन्न हुई, जहां उपस्थित सभी लोगों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
