वाराणसी
अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत
वाराणसी। जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र के मलहथ गांव (बैरामपुर) में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के संबंध में मृतक की पत्नी ने थाने में तहरीर दी है, जिस पर पुलिस जांच में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुदामा देवी ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पति रामाशंकर यादव उर्फ घनश्याम (55 वर्ष) बीती शाम लगभग 7:30 बजे कठिरांव बाजार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान प्राथमिक विद्यालय मलहथ के समीप पिंडरा की ओर से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद रामाशंकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया। परिजन तत्काल उन्हें पीएचसी पिंडरा ले गए, जहां चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
लंका पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पत्नी ने वाहन चालक की लापरवाही को दुर्घटना का कारण बताते हुए उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
कठिरांव चौकी के उपनिरीक्षक रितेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे थे। बुधवार दोपहर मृतक की पत्नी द्वारा लिखित तहरीर प्राप्त हुई है, जिसके आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
मृतक के रिश्तेदार जितेंद्र यादव के अनुसार, रामाशंकर यादव मुंबई में कार्यरत थे और कुछ दिन पहले ही घर आए थे। परिवार में उनकी पत्नी अकेली रहती हैं। उनके बड़े पुत्र की लगभग दस वर्ष पूर्व गुजरात में सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो चुकी है, जबकि दूसरा बेटा मुंबई में ड्राइविंग का कार्य करता है, जिसे घटना की सूचना दे दी गई है।
