वाराणसी
Kashi Vishwanath Temple : मंगला आरती के लिए एक दिन पहले मिलेगा तत्काल टिकट
वाराणसी। श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में मंगला आरती के लिए अब रेलवे की तर्ज पर एक दिन पहले ही तत्काल टिकट की सुविधा शुरू कर दी गई है। इसके तहत श्रद्धालु आरती से लगभग 17 घंटे पहले तक ऑनलाइन माध्यम से टिकट प्राप्त कर सकेंगे। मंदिर प्रशासन ने यह व्यवस्था ब्लैक टिकटिंग और दलाली पर रोक लगाने के उद्देश्य से लागू की है।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, मंगला आरती के लिए ऑनलाइन बुकिंग प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शुरू होती है और इसके लिए आधिकारिक वेबसाइट पर सिस्टम अपडेट कर दिया गया है। आम श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन करीब 150 टिकट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। टिकट की कीमत 500 रुपये ही रखी गई है, जिसे सामान्य बुकिंग के समान रखा गया है।
तत्काल टिकट लेने वाले भक्तों के लिए प्रवेश द्वार 4बी निर्धारित किया गया है, जबकि मंदिर परिसर में बैठने की व्यवस्था उत्तरी एलईडी क्षेत्र में की गई है। इस संबंध में मंदिर के एसडीएम शंभू शरण ने बताया कि आरती से 24 घंटे पहले तक टिकट बुक करने का विकल्प उपलब्ध कराया गया है, जिससे जालसाजी और दलाली पर प्रभावी रोक लग सकेगी। उन्होंने कहा कि वेबसाइट के माध्यम से टिकट बुकिंग की प्रक्रिया सरल और सुविधाजनक बनाई गई है।
बुधवार शाम सात बजे तक बृहस्पतिवार की मंगला आरती के लिए पांच टिकट शेष थे, जो शीघ्र ही बुक हो गए। इसके बाद 15 मई तक के लिए कोई भी टिकट उपलब्ध नहीं रहा। मंदिर में मंगला आरती का आयोजन प्रतिदिन भोर तीन बजे से चार बजे के बीच होता है, जबकि श्रद्धालुओं को प्रवेश रात 2:30 बजे से तीन बजे के बीच दिया जाता है।
मंगला आरती में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं को टिकट के साथ अपना पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। वर्तमान में आरती में भाग लेने वाले भक्तों की संख्या एक हजार के पार पहुंच चुकी है। वहीं, 12 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए प्रवेश निःशुल्क रखा गया है। मंदिर के प्रवेश द्वार पर टिकट दिखाना अनिवार्य होगा।
