वायरल
पोखरे में डूबने से तीन की मौत
आजमगढ़ जिले में दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पोखरे में डूबने से दो युवकों और एक किशोर की मौत हो गई, जिससे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। पहली घटना अहरौला थाना क्षेत्र के सकरकोला गांव की है, जहां नवमी पूजा के लिए फूल तोड़ने गए दो किशोर पोखरे में डूब गए।
बताया जा रहा है कि गर्मी के दौरान पोखरे की सफाई के कारण वह काफी गहरा हो गया था, और किशोर इसकी गहराई का अंदाजा नहीं लगा सके। मृतक मोनू शर्मा और अमरीश मिश्रा, अंबेडकर नगर के निवासी थे, जिनके परिजन शवों को अपने साथ ले गए।
दूसरी घटना बरदह थाना क्षेत्र के पुरसुड़ी गांव की है, जहां जौनपुर निवासी सचिन विश्वकर्मा, जो अपने ननिहाल आया था, पोखरे में डूब गया। रात में उसकी तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। शुक्रवार को गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
