Connect with us

गोरखपुर

सीएचसी गोला में 132 लोगों की हुई कैंसर स्क्रीनिंग

Published

on

Loading...
Loading...

गोलाबाजार, गोरखपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला परिसर में मंगलवार को हनुमान प्रसाद पोद्दार कैंसर अस्पताल एवं शोध संस्थान, गीता वाटिका, गोरखपुर की ओर से नि:शुल्क कैंसर प्राथमिक जांच एवं प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 132 लोगों की कैंसर संबंधी लक्षणों की जांच की गई।

जांच के लिए उमड़ी भीड़

‘यूनाइटेड बाय यूनिक’ थीम के तहत आयोजित शिविर में स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया। कैंसर अस्पताल की चिकित्सक डॉ. आस्था राव ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। जांच के दौरान कई लोगों में स्तन में गांठ, गर्भाशय संबंधी समस्या, मुंह में छाले, पाचन संबंधी परेशानी और भूख न लगने जैसी शिकायतें सामने आईं।

मरीजों को दी गई नि:शुल्क दवाएं

शिविर में जांच के बाद मरीजों को आवश्यक परामर्श के साथ अस्पताल की ओर से नि:शुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। लोगों को कैंसर के शुरुआती लक्षणों और बचाव के उपायों से संबंधित पत्रक व पुस्तिकाएं वितरित की गईं।

स्तन और सर्वाइकल कैंसर को लेकर जागरूकता

डॉ. आस्था राव ने स्वास्थ्यकर्मियों और लोगों को स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि कैंसर की शुरुआती पहचान होने पर उपचार के बेहतर अवसर मिलते हैं। महिलाओं को नियमित जांच कराने और किसी भी असामान्य लक्षण को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी गई।

समय पर जांच जरूरी

स्तन कैंसर की शुरुआती पहचान के लिए ब्रेस्ट सेल्फ एग्जामिनेशन, क्लीनिकल एग्जामिनेशन और मैमोग्राफी को महत्वपूर्ण बताया गया। शिविर प्रबंधक अजय श्रीवास्तव ने कहा कि बदलती जीवनशैली और जागरूकता की कमी के कारण कई मामलों में कैंसर का पता देर से चलता है। शरीर में असहजता महसूस होने पर बिना देरी चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए।

Advertisement

चिकित्सक और कर्मचारी रहे मौजूद

शिविर में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमरेंद्र नाथ ठाकुर सहित स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक व कर्मचारी, सत्यवती तिवारी, विकास चक्रधरी, जैनेन्द्र कुमार सिंह, सिद्धार्थ सिंह, पूनम मौर्या और बृजेश पाण्डेय मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page