गोरखपुर
स्टे के बावजूद पेड़ काटने से रोकने पर मां-चाची समेत तीन पर हमला
गोरखपुर। हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र के गठुआखोर गांव में स्टे के बावजूद पेड़ काटने से मना करने पर विवाद हो गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने युवक, उसकी मां और चाची पर लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर और धारदार हथियार से हमला कर दिया। मामले में पुलिस ने पांच नामजद समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
स्टे वाली जमीन पर पेड़ काटने का आरोप
गठुआखोर निवासी हरिकेश मौर्य ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 25 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे बलराम मौर्य, उत्तम मौर्य, आनंद मौर्य, अंजू मौर्या और प्रिया मौर्या कुछ अज्ञात लोगों के साथ गाटा संख्या 140 और 141 में लगे लिप्टस व गूलर के पेड़ काट रहे थे। हरिकेश के अनुसार, जमीन को लेकर स्टे होने के बावजूद पेड़ काटे जा रहे थे।
विरोध करने पर किया हमला
तहरीर के मुताबिक, हरिकेश ने पेड़ काटने से मना किया तो आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। उसकी मां सोनमती देवी और चाची सुमित्रा देवी भी बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो उनके साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि हमले में लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर और धारदार हथियार का इस्तेमाल किया गया। तीनों घायल हो गए और उन्हें जान-माल की धमकी भी दी गई।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा। हरिकेश की तहरीर पर बलराम मौर्य, उत्तम मौर्य, आनंद मौर्य, अंजू मौर्या और प्रिया मौर्या समेत कुछ अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धारा 191(2), 118(1), 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
जांच में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार पाठक ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।
