गोरखपुर
बंद मकान को खंगाल गए चोर, इन्वर्टर-बैटरी, सिलेंडर और खाद्यान्न ले गए
देवकली में छह साल बाद फिर उसी घर में चोरी, पड़ोसी ने पुलिस को दी सूचना
गोलाबाजार (गोरखपुर), 29 सितंबर। उपनगर गोला के वार्ड नंबर 15 देवकली में सोमवार रात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। मकान मालिक और उनका परिवार बाहर रहने के कारण चोरी गए सामान की पूरी जानकारी अभी नहीं हो सकी है। घर की देखभाल कर रहे पड़ोसी ने घटना की जानकारी होते ही पुलिस को सूचना दी।
तीन महीने से बंद था मकान
देवकली निवासी बंशीधर मिश्र पुत्र स्व. रामसुरेश मिश्र का मकान काफी समय से बंद था। बंशीधर मिश्र परिवार के साथ हैदराबाद में रहते हैं, जबकि उनके भाई गिरधर मिश्र का परिवार पुणे में रहता है। करीब तीन माह पहले घर में रह रहीं उनकी मां भी इलाज के लिए हैदराबाद चली गई थीं। इसके बाद मकान की देखभाल की जिम्मेदारी पड़ोसी प्रमोद मौर्य को दी गई थी।
लाइट बंद देखकर हुआ शक
प्रमोद मौर्य के अनुसार, वह रोज शाम को मकान की अंदर की लाइट जला देते थे। मंगलवार सुबह लाइट बंद मिली तो उन्हें संदेह हुआ। घर पहुंचकर दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन वह अंदर से बंद था। किसी तरह दरवाजा खुलने के बाद अंदर पहुंचे तो सामान बिखरा मिला और चोरी की जानकारी हुई।
इन्वर्टर-बैटरी और सिलेंडर समेत सामान चोरी
प्रमोद मौर्य ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चोर घर से इन्वर्टर, बैटरी, गैस सिलेंडर, अनाज समेत अन्य सामान उठा ले गए। गृहस्वामी के घर पर मौजूद नहीं होने के कारण चोरी गए अन्य सामान का पूरा आकलन अभी नहीं हो सका है।
छह साल पहले भी इसी घर में हुई थी चोरी
बंशीधर मिश्र के इसी मकान में करीब छह वर्ष पहले वर्ष 2020 में भी बड़ी चोरी हुई थी। उस समय भी परिवार हैदराबाद में था और मकान बंद था। 26 नवंबर 2020 की रात परिवार के घर पहुंचने पर दरवाजे की कुंडी कटी मिली थी। अंदर जाने पर एलसीडी, फ्रिज, फर्नीचर, बक्से, जेवर, हैंडपंप, अनाज समेत अन्य सामान गायब मिला था। उस मामले में बंशीधर मिश्र ने पुलिस को तहरीर दी थी।
जांच में जुटी पुलिस
लगातार दूसरी बार इसी मकान में चोरी होने से स्थानीय लोगों में चिंता है। पुलिस को सूचना मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। चोरी की घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस आसपास की जानकारी जुटा रही है।
