गाजीपुर
जर्जर खंभे पर दौड़ रही 11 हजार वोल्ट की लाइन, हादसे की आशंका
नंदगंज स्टेशन तिराहे पर खतरे में लोग, शिकायत के बाद भी विद्युत विभाग बेपरवाह
नंदगंज (गाजीपुर)। बाजार के स्टेशन तिराहे पर जर्जर लोहे के खंभे पर 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन दौड़ रही है। खंभे की हालत इतनी खराब है कि उसके गिरने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, विद्युत विभाग के कर्मचारियों को कई बार इसकी जानकारी देने के बावजूद अब तक खंभा बदलने की कार्रवाई नहीं हुई है।

मुख्य मार्ग और स्टेशन के बीच स्थित है खंभा
यह जर्जर खंभा गाजीपुर-वाराणसी मुख्य मार्ग और नंदगंज रेलवे स्टेशन जाने वाले तिराहे पर स्थित है। आसपास चाय, पान, चाट और मिठाई की दुकानें हैं, जहां सुबह से देर रात तक लोगों की आवाजाही बनी रहती है।
निचले हिस्से में हो गए बड़े छेद
स्थानीय लोगों के मुताबिक लोहे के गोल खंभे के निचले हिस्से में जमीन से सटे स्थान पर तीन तरफ बड़े-बड़े छेद हो गए हैं। इससे खंभे की मजबूती को लेकर खतरा बना हुआ है। हवा चलने पर खंभे के हिलने की आशंका से आसपास के दुकानदार और राहगीर भी चिंतित रहते हैं।
स्टेशन की ओर जाती है 11 हजार वोल्ट लाइन
इसी खंभे से 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन नंदगंज रेलवे स्टेशन की ओर जाती है। लोगों का कहना है कि यदि खंभा गिरा तो जान-माल के साथ-साथ विद्युत आपूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है।
तत्काल खंभा बदलने की मांग
स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि दुर्घटना की आशंका को देखते हुए जर्जर खंभे को तत्काल हटाकर नया खंभा लगाया जाए। लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई होने से संभावित हादसे को टाला जा सकता है।
