गोरखपुर
सेवा संकल्प अभियान में ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता संपन्न, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
बांसगांव, गोरखपुर। ‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश सेवा संकल्प अभियान’ के तहत पंडित जवाहरलाल नेहरू इंटर कॉलेज, बांसगांव में ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भाषण, रंगोली और चित्रकला प्रतियोगिताओं में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

अतिथियों ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बांसगांव वार्ड संख्या आठ के सभासद संजय सिंह रहे। अध्यक्षता विद्यालय के प्रबंधक संजय सिंह ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में रमेश, प्रमोद कुमार त्रिपाठी और अविनाश सिंह ‘अनू’ मौजूद रहे। प्रधानाचार्य एवं नोडल अधिकारी डॉ. ध्रुवव्रत पांडेय ने अतिथियों का स्वागत किया।
भाषण में शगुन चंद प्रथम
भाषण प्रतियोगिता में पंडित जवाहरलाल नेहरू इंटर कॉलेज की कक्षा 11-बी2 की छात्रा शगुन चंद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अमित कुमार द्वितीय और श्री ऋषिदेवदास इंटर कॉलेज, पाली की मोनिका प्रजापति तृतीय रहीं।
रंगोली में बांसगांव के विद्यार्थियों का दबदबा
रंगोली प्रतियोगिता में पंडित जवाहरलाल नेहरू इंटर कॉलेज, बांसगांव की कक्षा 11 और 12 की छात्राओं ने क्रमशः प्रथम और द्वितीय स्थान हासिल किया। श्री ऋषिदेवदास इंटर कॉलेज की मोनिका चौहान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
चित्रकला में लाडो प्रथम
चित्रकला प्रतियोगिता में श्री ऋषिदेवदास इंटर कॉलेज की लाडो प्रथम और चंचल राय द्वितीय रहीं। पंडित जवाहरलाल नेहरू इंटर कॉलेज की सानिया और जनता इंटर कॉलेज, दुबौली की आरती ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया।
विजेताओं को पुरस्कार और मेडल
प्रतियोगिता के बाद मुख्य अतिथि सभासद संजय सिंह ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं मेडल देकर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को चरित्र निर्माण, अनुशासन और उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया। उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
शिक्षक और पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम का संचालन हिंदी प्रवक्ता पंकज कुमार दुबे ने किया। इस अवसर पर उपप्रधानाचार्य प्रदीप कुमार शर्मा, बिंदु कुमार, शुभ नारायण राय, मनीष कुमार सिंह, प्रदीप सिंह, दीपक राय, उमेश लाल मौर्या, इंटर कॉलेज दुबौली के शिक्षक तथा इंटर कॉलेज पाली के सुशील कुमार चंद समेत विद्यालय के शिक्षकगण मौजूद रहे।
रिपोर्ट- अरुण कुमार मिश्र, बस्ती मंडल प्रभारी, जयदेश
