गाजीपुर
32 पीएम श्री विद्यालयों में हरित गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा
पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जल संरक्षण के लिए बजट स्वीकृत
गाजीपुर। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से वित्तीय वर्ष 2026-27 में पीएम श्री परिषदीय विद्यालयों में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण और बच्चों में पर्यावरणीय समझ विकसित करने के लिए ‘Activity Promoting Green School’ के तहत बजट स्वीकृत किया गया है। जनपद के 32 पीएम श्री विद्यालयों को इसका लाभ मिलेगा।
इनमें 200 से कम नामांकन वाले नौ विद्यालयों को प्रति विद्यालय पांच हजार रुपये तथा 200 से अधिक नामांकन वाले 23 विद्यालयों को 10 हजार रुपये दिए जाएंगे। गतिविधियों का चयन और क्रियान्वयन विद्यालय प्रबंध समिति के माध्यम से होगा।
विद्यालयों में पौधरोपण, ईको क्लब, बाल संसद और ग्रीन मॉनिटर जैसी गतिविधियों में विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। पर्याप्त स्थान न होने पर गमले, ग्रो बैग, वेस्ट प्लास्टिक बोतल, वर्टिकल गार्डन और बॉटल गार्डन जैसे कम लागत वाले मॉडल अपनाए जा सकेंगे।
स्वीकृत धनराशि का उपयोग केवल निर्धारित गतिविधियों में करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यालयों को बिल-वाउचर, फोटो और बच्चों की सहभागिता से जुड़े प्रमाण सुरक्षित रखने होंगे। गतिविधियों की प्रगति रिपोर्ट भी निर्धारित माध्यम से अपलोड की जाएगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने खंड शिक्षा अधिकारियों एवं जिला समन्वयक निर्माण को विद्यालयों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। विभाग का उद्देश्य विद्यालयों में हरित वातावरण विकसित करने के साथ बच्चों में पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
