गोरखपुर
नकबजनी का वांछित आरोपी गिरफ्तार, 4,800 रुपये बरामद
चीनी मिल तिराहे से 200 मीटर आगे दबोचा, चोरी के मामले में भेजा गया न्यायालय
गोला बाजार, गोरखपुर। गोला पुलिस ने नकबजनी के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को रविवार तड़के गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 4,800 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया।
थाना प्रभारी सीपी पांडेय के अनुसार, उपनिरीक्षक राकेश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ रविवार को क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नकबजनी के मामले में वांछित आरोपी चीनी मिल तिराहे की ओर मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए चीनी मिल तिराहे से करीब 200 मीटर आगे सुबह 4:55 बजे अमन कुमार (22) पुत्र रामप्रित हरिजन निवासी चिकनिया वार्ड नंबर छह, थाना गोला को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से 4,800 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस के मुताबिक, वादी के घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और करीब 1.32 लाख रुपये नकद चोरी किए थे। इस मामले में बीएनएस की धारा 305, 331(4), 317(2) व 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ गोला थाने में पूर्व में भी धारा 379 और 411 के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राकेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक आशीष सिंह यादव, हेड कांस्टेबल निलेश कन्नौजिया और कांस्टेबल अनिल यादव शामिल रहे।
